Thursday, November 18, 2010

जिंदाबाद की जगह ...व्हाट ए शॉट अर्जुन जी!

भादो माझी, जमशेदपुर
अर्जुन मुंडा ‘टी’ से ड्राइव शॉट मारने के लिए तैयार...। गोल्फ स्टीक दो बार हवा में उछाली और तीसरी बार में गोल्फ बॉल को जोर से ड्राइव शॉट पर मारा। बॉल ‘टी एरिया’ से सीधे ‘ग्रीन एरिया’ के सामने जा पहुंची...। इतने में ‘...व्हाट ए शॉट! व्हाट ए शॉट मुंडा जी! ब्रिलिएंट..’ की आवाज गूंज उठी। हमारे लिए यह थोड़ा सा नया अनुभव था, क्योंकि इससे पहले सिर्फ अर्जुन मुंडा जिंदाबाद के नारे ही सुना करते थे। खैर, बुधवार सुबह की शुरुआत बेल्डीह गोल्फ कोर्स में कुछ ऐसी ही चियर-अप क्लैपिंग से हुई। आज दो-दो ‘अर्जुन’ गोल्फ कोर्स पर जो डटे थे। एक अर्जुन राजनीतिक मैदान का महारथी तो दूसरा गोल्फ कोर्स का चैम्पियन। एक झारखंड का मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, तो दूसरा अमेरिकी पीजीए टूर का चैम्पियन अर्जुन अटवाल।
सत्ता के खेल में तीसरी बार गोल दाग चुके अर्जुन मुंडा आज ‘गोल्फर’ को गोल्फ के मैदान में ही मात देने की ठान बैठे थे। हालांकि उनका यह अरमान तो पूरा न हुआ, लेकिन हां, भारत के ‘ग्रेट गोल्फर’ से राजनीतिक मैदान के इस खिलाड़ी को गोल्फ के मैदान में ‘पार’ पर ‘पार’ लगाने के कारण    खूब बधाइयां मिली। अटवाल कंधे में चोट के कारण गोल्फ कोर्स में आज दर्शक की भूमिका में थे। मुंडा के शॉट को देख लग ही नहीं रहा था कि वे गोल्फ के प्रोफेशनल खिलाड़ी नहीं हैं। अर्जुन मुंडा ने बेल्डीह गोल्फ ग्राउंड के 9 होल के सेट में 17 बार बॉल होल में डाला। अर्जुन कई बार ‘बंकर’ में फंसे भी, लेकिन राजनीतिक सूझबूझ से जिस तरह वे तीसरी बार मुख्यमंत्री बनने में सफल रहे, बिल्कुल उसी तरह बंकर से भी उन्होंने ‘ग्रीन एरिया’ को कवर किया। गोल्फ कोर्स में सूबे के मुखिया के शॉट पर शॉट बेहतरी की ओर बढ़े जा रहे थे, और इसी के साथ कारपोरेट जगत की बड़ी हस्तियों की दिलचस्पी भी उनके शॉट को लेकर बढ़ती जा रही थी। टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कारपोरेट सर्विसेज) संजीव पॉल, जुस्को के चेयरमैन बीएल रैना और टाटा ओपन गोल्फ-2009 के चैंपियन गुरखी शेरगिल सरीखी हस्तियां मुंडा के शॉट की कायल हुए जा रही थी। नौ होल के सफर में इस दौरान कॉरपोरेट हस्तियों संग मुंडा ने झारखंड के विकास रोडमैप को जमीन पर उतारने की इच्छाशक्ति को भी जाहिर कर दिया। ब्लैक टी-शर्ट में गोल्फ स्टीक पकड़े सूबे के मुखिया इस दौरान खिलाड़ियों की ही तरह आज खूब जंच भी रहे थे। मुंडा की पार्टनरशिप गुरखी शेरगिल संग हुई थी। दोनों ने पहले दो होल पर बढ़त बनाई। उनके प्रतिद्वंद्वी बीएल रैना और संजीव पॉल पीछे ही रहे। 
इस दौरान मुं़डा पूरी तरह रिलैक्स दिखे। गोल्फ में मस्त मुंडा को देख संजीव पॉल को कहना पड़ा कि  ‘...ही इज वैरी कूल गॉय। वी जस्ट कांट इवेन इमेजीन दैट हैव मच प्रेशर ही फेस एवरी डे...।’

No comments:

Post a Comment