Wednesday, February 9, 2011

अर्जुन के गांव में जीत का इंतजार

अर्जुन के गांव में  जीत का इंतजार
भादो माझी, खेजुरदा (खरसावां)
मैं खेजुरदा में हूं, यह वही गांव है जहां मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के बाप-दादा पले बड़े। खुद अर्जुन ने भी अपने बचपन के दिन यहीं गुजारे। गांव का झोपड़ीनुमा घर मुंडा के चुनावी पोस्टर के साथ खड़ा है। यहां की  जायदाद की देखरेख करने वाली उर्मिला प्रमाणिक पूरे दावे के साथ कहती हैं-अर्जुन अमार पुत्रा आछे, वोई नाई जीतबे तो के जीतबे(अर्जुन हमारा बेटा है, वह नहीं जीतेगा तो कौन जीतेगा)। मुंडा की यहां 12 बीघा जमीन है और उस पर एक फूस का घर झारखंडी विरासत को आज भी दर्शा रहा है। उनकी इसी पुश्तैनी जमीन पर खड़ा बैर का पेड़ खुद में ढेरों खट्टी-मीठी यादें समेटे है तो खजूर का पेड़ गांव के नाम को सार्थक कर रहा है। उर्मिला प्रमाणिक बताती है कि शुक्रवार को बहू मीरा मुंडा आई थी। यहां उपजाए गए बैगन लेकर गई और वादा किया कि पति (अर्जुन) के चुनाव जीतने के बाद फिर आएगी।
माहौल चुनावी है और खेजुरदा के हरघर में भाजपा के झंडे लहरा रहे हैं, लोग उत्साहित हैं। बात पड़ोसी संतोष महतो की करें या फिर गुरूबारी की। उन्हें इंतजार है तो बस अर्जुन के एक और जीत की है। ठीक वैसी ही खुशी की जो लगातार 15 साल से अर्जुन इस गांव को दे रहे हैं। कभी विधायक बन कर तो कभी कल्याण मंत्री बनकर या फिर मुख्यमंत्री बनने की खुशी। उससे भी आगे बढ़ कर तब जब संसद की दहलीज पर पहुंच खेजुरदा का मान बढ़ाया। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव के रूप में भी गांव की मिट्टी की महक पहुंचाने वाले मुंडा के प्रति खेजुरदा के लोगों का प्यार वहां के शिवालय में भी दिखता है। पड़ोसी करण प्रमाणिक कहते हैं- मुंडाजी की मां ने इस मंदिर की स्थापना गांव के लिए की है। यहां सड़क, बिजली और स्कूल उन्हींकी देन है। खरसावां बाजार और चांदनी चौक से लेकर खेजुरदा तक चुनावी उत्साह अलग-अलग रंग में है। कहीं ईंट के भट्ठे हैं तो कहींसूखे खेत में जिंदगी तलाशते लोग। लेकिन एक चीज हर जगह सामान्य है-अर्जुन का एक और युद्ध, वही अर्जुन जिसने हर बार लक्ष्य पर निशाना साधा है। अब बारी एक और अग्नि परीक्षा की है।
(इनसेट)
...लेकिन खेजुरदा में एक और कहानी भी है
खरसावां: अर्जुन मुंडा के गांव खेजुरदा में एक और कहानी भी है। गांव के परगना जीतराम टुडू के निधन की कहानी। उनका निधन अर्जुन के सीएम के तौर पर तीसरी बार शपथ लेने के दूसरे ही दिन हो गया था। उनकी विधवा सारो टुडू आज भी अर्जुन का इंतजार कर रही है जो कभी उनकी गोद में खेला करता था। आंखों में छलकते आंसुओं को छिपा कर सारो लड़खड़ाती जुबान से कहती है- मीरा तो आई लेकिन अर्जुन घर नहींआए। उनके मरने की खबर दी थी लेकिन बताया कि दिल्ली में हैं। मीरा भी चुनाव प्रचार करने आई थी तब जब वह (सारो टुडू) घर में नहीं थी।
सारो को तकलीफ इस बात की है कि उनके हाथों पला-बढ़ा अर्जुन अब उन्हें भूल गया। तीन बेटों में किसी को नौकरी तो नसीब नहींही हुई उन्हें भी न तो वृद्धा पेंशन मिला और न विधवा पेंशन। सारो इस संवाददाता से कहती है- साहब को बता दीजिएगा कि उन्हें बचपन में खाना खिलाने वाले हाथों को अब कुछ भी नसीब नहींहै।

No comments:

Post a Comment